रोहतक: महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग और ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में रोहतक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी का पुलिस के साथ मुठभेड़ (एनकाउंटर) हुआ था, जिसमें वह घायल हो गया था।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने विधायक से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी थी और धमकी भरा संदेश भेजकर लिखा था कि “सीधी गोली लगेगी।
घटना के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार कार्रवाई के दौरान पहले मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ और अब दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था तथा इसके पीछे किस गैंग का हाथ है। मामले की जांच जारी है।



हरियाणा के रोहतक में महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग मामले में फरार दूसरे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार शाम महम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खरैंटी गांव निवासी अमन के रूप में हुई है।
धमकी मिलने के बाद विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी देने का आरोप गांव सैमाण निवासी गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा समाणिया पर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक बलराम दांगी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा के लिए कुल सात कमांडो तैनात किए गए हैं।
विधायक बलराम दांगी ने कहा कि धमकी भरा मैसेज आने के बाद DGP अजय सिंघल, ADGP CID सौरभ सिंह, IG सिमरदीप सिंह व SP गौरव राजपुरोहित को शिकायत दी है। SP ने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
SP गौरव राजपुरोहित ने बताया कि विधायक की तरफ से धमकी भरा मैसेज आने की शिकायत दी गई है। पहले उनके ऑफिस पर गोली चली थी, जिस मामले में केस दर्ज किया गया था। विधायक की सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा और आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
