Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

₹50 लाख फिरौती मांगने वाले बदमाश का एनकाउंटर…STF से हथियार छीनकर की फायरिंग

हरियाणा के हांसी में 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को हथियारों की बरामदगी के लिए शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 11 बजे सुंदर नहर पुल के पास ले जाया गया था। गाड़ी से उतरते ही उसने कथित तौर पर एक कॉन्स्टेबल का हथियार छीन लिया और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत हांसी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया।

40 साल पुरानी मिठाई की दुकान पर फेंकी थी फिरौती की पर्ची

घटना की शुरुआत शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई, जब सब्जी मंडी के सामने स्थित करीब 40 वर्ष पुरानी ‘छोटू मिष्ठान भंडार’ पर बाइक सवार दो युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरा और दुकान के कर्मचारी को एक पर्ची थमा दी। पर्ची में लिखा था— “लाला, 50 लाख की फिरौती है, एक दिन का टाइम है, बाकी काम मेरा है।” दुकान संचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पर्ची में बासु उर्फ अनुराग और हिमांशु के नाम सामने आए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को काबू कर लिया।

बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार पूछताछ में हथियारों के संबंध में जानकारी मिलने पर आरोपी अनुराग को बरामदगी के लिए सुंदर नहर क्षेत्र में ले जाया गया। वहीं उसने हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

अनुराग हांसी के विकास नगर का निवासी है और पिंटा चिकन कॉर्नर पर काम करता था। उसके पिता ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे घर से मां की दवा लेने निकला था। परिवार का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी।

घटना के बाद व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version