रोहतक के गांव आसन में शुक्रवार देर रात बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। आपको बता दे बदमाश ने एक पुलिसकर्मी से मारपीट की और उसका सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की। इसी दौरान गोली चल गई। जो बदमाश की गर्दन पर लगी। जिसके बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस टीम उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई। घटना रात करीब 10 बजे की है। जिस बदमाश यशपाल उर्फ ढिल्ला को पकड़ने के लिए पुलिस की CIA टीम गई थी, उस पर लूट व चोरी की वारदात का शक है। पुलिस को CCTV में सुराग मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
CIA-2 में तैनात EHC जितेंद्र कुमार ने शिकायत में बताया कि वे शुक्रवार को गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली चोरी व लूट की वारदात में संलिप्त आरोपी गांव आसन निवासी यशपाल उर्फ ढिल्ला गांव आसन में सोनीपत रोड स्थित ढाबे पर बैठा हुआ है। इस सूचना पर सीआइए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीआइए टीम अलग-अलग यशपाल उर्फ ढिल्ला की तलाश करने लगी।
टीम में शामिल जितेंद्र जब ढाबे के पीछे गए तो खेतों में एक व्यक्ति संदिग्ध मिला। जो पुलिसकर्मी जितेंद्र को वर्दी में देख भागने लगा। उसको बार-बार रुकने के लिए कहा, लेकिन वह रुका नहीं और तेज भागने लगा। CIA कर्मी ने उसके पीछे भागकर उसे पकड़ लिया। जितेंद्र कुमार को अकेला देखकर वह मारपीट करने लगा और उसकी सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मी ने जब पिस्टल का बचाव किया तो गोली चल गई और गोली यशपाल को लग गई।
गोली की आवाज सुनकर सीआइए टीम के अन्य सदस्य भी वहां पर आ गए। गोली सीधी यशपाल की गर्दन में लगी। गोली लगने के बाद यशपाल जमीन पर गिर गया। जिसे लहूलुहान अवस्था में उपचार के लिए रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर में लाया गया।
CIA-2 में तैनात इएचसी जितेंद्र कुमार को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस शिकायत के आधार पर यशपाल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। CIA-2 प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि यशपाल उर्फ ढीला का आपराधिक रिकॉर्ड है। जिसके लिए पुलिस उसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ने के लिए गई थी। इस दौरान उसको गोली लग गई। फिलहाल यशपाल उर्फ ढीला की हालत सामान्य है। वहीं पुलिस यशपाल का रिकार्ड भी खंगाल रही है।

