Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कैथल में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़: ₹1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली, पंजाब से आए थे आरोपी

कैथल। हरियाणा के कैथल में गुरुवार तड़के पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गांव पाडला के एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और फिरौती की रकम नहीं मिलने पर शिकायतकर्ता पर हमला करने के इरादे से कैथल आए थे। कार्रवाई एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने की।

पाडला गांव के व्यक्ति से मांगी थी एक करोड़ की फिरौती

जानकारी के अनुसार, गांव पाडला निवासी शिव कुमार राणा से आरोपियों ने एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। आरोपियों ने रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि फिरौती मांगने वाले आरोपी कैथल क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

पाडला-गुहणा रोड पर पुलिस ने घेरा

गुरुवार अलसुबह करीब 3 बजे पुलिस टीम को आरोपियों की लोकेशन मिली। इसके बाद टीम ने उनका पीछा शुरू किया। जब पुलिस टीम गांव पाडला रोड पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। पाडला-गुहणा रोड पर हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।

अमृतसर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव तिमुवाला निवासी गुरकीरत और राणा कलां निवासी कर्मबीर सिंह के रूप में हुई है। दोनों को घायल अवस्था में कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

डीएसपी क्राइम भी मौके पर पहुंचे

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद डीएसपी क्राइम सुशील कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि फिरौती मांगने के पीछे कौन-कौन शामिल था और आरोपियों का कोई अन्य नेटवर्क भी सक्रिय है या नहीं।

फिलहाल दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version