Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में लॉरेंस गैंग के गुर्गों-पुलिस में मुठभेड़:बाइक पर भागते वक्त एक को मारी गोली, दूसरा भी दबोचा; दो दिन पहले प्राइवेट अस्पताल पर फायरिंग की थी

करनाल में आज तड़के लॉरेंस गैंग के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। 2 बदमाशों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश की टांग में गोली मारी। एक को गोली लगी तो दूसरे ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।

पुलिस ने घायल बदमाश को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया और दूसरे को पुलिस अपने साथ थाने में ले गई है। दोनों की उम्र करीब 19 साल है। इन्होंने 2 दिन पहले करनाल में प्राइवेट अस्पताल के बाहर हवाई फायर किया था। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर भानू ने ली थी।

CIA पुलिस के जांच अधिकारी जयपाल ने बताया कि रात को उनकी टीम द्वारा इंद्री रोड पर स्थित गांव सलारू के पास नाकाबंदी की हुई थी। अलसुबह सवा 3 बजे नहर की पटरी से दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए। पुलिस ने जब उनको रोकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक घुमाई और भागने लगे। इस पर उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर 2 फायर कर दिए।

जानकारी के अनुसार ये वहीं दो बदमाश हैं जिन्होंने दो दिन पहले करनाल के श्री रामचंद्र मेमोरियल अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। इन दोनों बदमाशों की CCTV भी सामने आई थी।

Exit mobile version