Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में गैंगस्टर और पुलिस के बीच मुठभेड़: आरोपी के पैर में लगी गोली, राजेश बवाना गैंग से जुड़ा; हत्या- रंगदारी, लूट जैसे दर्जनों मुकदमे दर्ज

हरियाणा के सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट क्राइम ब्रांच सेक्टर 7 को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली और हरियाणा पुलिस को लंबे समय से वांछित कुख्यात बदमाश रवि उर्फ लांबा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने कुल 45 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।

आरोपी के पैर में गोली है और उसे खरखौदा के सिविल हॉस्पिटल में इलाज करवा खानपुर मेडिकल रेफर किया गया है। शनिवार सुबह करीब 3 बजे खरखौदा स्थित बरोणा बाईपास पर पुलिस और बदमाश रवि लांबा के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

एंटी गैंगस्टर यूनिट क्राइम ब्रांच सेक्टर 7 के इंचार्ज अजय धनखड़ के मुताबिक आरोपी के खिलाफ खरखौदा थाने में दिनांक 16 सितंबर 2024 को एक मामला दर्ज हुआ था। उसी के तहत पुलिस लगातार तलाश में थी। आरोपी के खिलाफ जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 190, 191(3) और आम्र्स एक्ट की धाराएं लगी हुई हैं। रवि लांबा इस मामले में पैरोल जंप करके फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के पास से एक 32 बोर पिस्तौल और एक बाइक बरामद की है। ये दोनों चीजें किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में इस्तेमाल की जा सकती थीं।

रवि उर्फ लांबा पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट जैसे करीब डेढ़ दर्जन गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले साल गांव बरोना के ही कुख्यात बदमाश रवि मुनिया के भाई बृजेश की हत्या के मामले में भी वांछित चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि रवि लांबा के तार दिल्ली के कुख्यात राजेश बवाना गैंग से जुड़े हुए हैं। वह इस गैंग के लिए वसूली और दबिश जैसे कामों में शामिल रहा है। रवि लांबा की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 20 हजार रुपए और दिल्ली पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।

क्राइम ब्रांच सेक्टर 7 की एस यूएजी टीम ने सूझबूझ और साहस के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आरोपी को कड़ी सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल, सोनीपत पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है। जल्द ही उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। ताकि बाकी अपराधों की कड़ियां भी सामने लाई जा सकें।

Exit mobile version