Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

निजीकरण के विरोध में उतरे हरियाणा बिजली विभाग के कर्मचारी, जमकर किया विरोध प्रदर्शन।

रोहतक के राजीव गांधी बिजली भवन में ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ व ईईएफआई ने धरना दिया। जिसमें बिजली संशोधन बिल 2022 का विरोध किया गया। इस दौरान चेतावनी दी कि 13 अगस्त को बिजली मंत्री के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

धरने की अध्यक्षता सिटी यूनिट प्रधान विकास दहिया, सब अर्बन यूनिट नंबर एक सचिव जोगिंद्र दांगी ने और संचालन सुनील शर्मा सचिव सिटी यूनिट ने की। नेता मंजीत बजाड़ ने कहा कि महंगाई चर्म सीमा को पार कर गई है। गरीब, छोटे किसान, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बिजली संशोधन बिल 2022 आम जनता के लिए मुसीबत साबित होगा।

वन विभाग हरियाणा के राज्य प्रधान व सर्व कर्मचारी संघ के राज्य स्तरीय नेता जोगिंद्र करौन्था ने कहा की काले कानूनों की कड़ी का यह अगला प्रहार किसानों को आत्महत्या की ओर लेकर जाएगा। जिसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ेगा। सर्कल सचिव धर्मराज कुंडू ने कहा कि यूनियन की मांग सभी के लिए 24 घंटे सस्ती बिजली देने की है। सरकार इसके विपरीत जनता को बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित करना चाहती है। यूनियन इसका विरोध करती रहेगी।

विकास दहिया ने कहा कि जनता के हितों को दरकिनार करते हुए केंद्रीय व राज्य सरकार चंद बड़े पूंजीपतियों के लाभ के लिए काम कर रही है। संदीप लठवाल ने 13 अगस्त को बिजली मंत्री रणजीत चौटाला के कार्यालय पर होने वाले राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन, घेराव को लेकर तैयारियों की रुपरेखा की समीक्षा की। रोडवेज से रोहतक डिपो के प्रधान हिम्मत राणा ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया।

Exit mobile version