रोहतक में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक बहू ने अपनी सास को बाल पकड़कर घसीटा, लात-घूंसों से पीटा। सास की सास ने उसे बचाने की कोशिश की तो बहू ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। सास के कपड़े तक फाड़ दिए। जब मां और भाभी को बचाने के लिए पड़ोस में रहने वाला देवर आया तो बहू ने उसे भी झूठे केस में फंसाने की धमकी दे दी। पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत देकर बहू के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहतक के सेक्टर-एक में रहने वाली पीजीआइएमएस में पेशे से नर्स 60 वर्षीय महिला ने बताया है कि वह और उसकी सास घर में मौजूद थीं। तभी उनके घर की डोर बेल बजी। दरवाजा खोला तो सामने पुत्रवधु खड़ी थी। जिसने उसे बिना किसी बात के बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात घूंसे बरसाने शुरू कर दिए और फर्श पर घसीटना शुरू कर दिया। सास ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो पुत्रवधु ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया।
इसके बाद उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। ज्यादा बुजुर्ग होने की वजह से दादी सास को अधिक चोट लग गई। सास ने पड़ोस में रह रहे देवर को फोन करके बुलाया। तब तक पुत्रवधु ने काफी मारपीट की और उनके कपड़े तक फाड़ डाले
पीड़िता ने बताया कि देवर व पड़ोसियों के आने पर बहू ने उन्हें छोड़ा। वहीं झूठे केस में फंसाने और घर को बर्बाद करने की धमकी भी दी। मामले में अर्बन स्टेट थाना पुलिस का कहना है की आरोपी पुत्रवधु पर केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
