Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एल्विश यादव से मांगी 10 करोड़ की रंगदारी, मिली जान से मारने की धमकी

मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी-2’ के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई विवाद नहीं बल्कि उन्हें मिली एक गंभीर धमकी है. एल्विश यादव और उनके पिता से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. धमकी देने वाले ने साफ कहा है कि अगर दो दिन के भीतर पैसे नहीं मिले, तो उन्हें गोली मार दी जाएगी. इस सनसनीखेज मामले के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस को दी गई शिकायत में एल्विश यादव ने बताया कि 5 मई को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी. उस समय वह कॉल रिसीव नहीं कर पाए. इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला. मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया. मैसेज में 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और दो दिन के भीतर पैसे देने की बात कही गई.

एल्विश यादव ने शिकायत में बताया कि धमकी भरा मैसेज सिर्फ उनके मोबाइल पर ही नहीं, बल्कि उनके पिता के फोन पर भी भेजा गया था. इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-56 थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया.

सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. पुलिस की तकनीकी टीम अब उस विदेशी नंबर को ट्रैक करने में जुटी है ताकि यह पता चल सके कि यह धमकी वाकई किसी गैंग की ओर से आई है या फिर किसी की शरारत है.

एल्विश यादव की सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग है और बिग बॉस ओटीटी-2 जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता और ज्यादा बढ़ी है. ऐसे में धमकी की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस भी चिंता में हैं.

Exit mobile version