Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एलन मस्क ने उड़ा दी नीली चिड़िया, ट्विटर  पर अब Bird की जगह नजर आएगा X

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर ने बड़े बदलावों के तहत सोमवार को नया लोगो ‘एक्स’ जारी किया, जिसने पुराने लोगो नीली चिड़िया की जगह ले ली। ट्विटर की वेबसाइट और खातों पर काले-सफेद रंग का नया लोगो दिखाई दे रहा है। ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने ट्वीट किया कि नया लोगो लाइव हो गया है। 

मस्क ने पिछले साल 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदा था। इसके बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म में कई बदलाव किए हैं, जिनमें बड़े पैमाने पर छंटनी, पहले मुफ्त मिल रहीं सेवाओं के लिए भुगतान, दक्षिणपंथियों के प्रतिबंधित खातों को फिर से बहाल करना और कंटेट नीति को लेकर बदलाव शामिल हैं। इससे पहले मस्क ने अपने प्रशंसकों से ‘लोगो’ के बारे में सुझाव देने और एक ‘लोगो’ चुनने के लिए कहा था। 

मस्क ने  रविवार देर रात ट्वीट करके बताया था कि वह ‘लोगो’ में बदलाव सोमवार को ही करना चाहते हैं। मस्क ने लिखा था- ‘‘और जल्द ही हम ट्विटर ब्रांड तथा सभी चिड़ियों को अलविदा कह देंगे।” मस्क से जब पूछा गया कि जब ‘लोगो’ बदल जाएगा तब ‘ट्वीट’ को क्या कहा जाएगा, तो उन्होंने कहा कि इसे ‘एक्स’ कहा जाएगा। ट्विटर की विपणन सलाहकार कंपनी ‘मेटाफोर्स’ के सह-संस्थापक एलन एडम्सन ने कहा कि ‘एक्स’ से जुड़े मस्क के पुराने इतिहास को देखते हुए यह बदलाव आश्चर्यजनक नहीं है।

टेस्ला के अरबपति मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मस्क ने पिछले साल अक्टूबर में ट्वीट किया था- ‘‘ट्विटर को खरीदना सभी सेवाएं मुहैया कराने वाली ‘एक्स’ ऐप की दिशा में उठाया गया कदम है।” मस्क की रॉकेट कंपनी ‘स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्प’ को आमतौर पर ‘स्पेसएक्स’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 1999 में ‘एक्स डॉट कॉम’ नामक एक स्टार्टअप की स्थापना की थी, जो एक ऑनलाइन वित्तीय सेवा कंपनी है। इसे अब पेपाल के नाम से जाना जाता है। 
 

Exit mobile version