Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

युवक के शरीर पर मिले 11 घाव के निशान…पेट से बाहर निकली आंतें

रोहतक में नई अनाज मंडी के पीछे बाईपास पर गंदगी और बिल्डिंग मैटेरियल के बीच एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई थी। उसके शरीर पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे और पेट की आंतें तक बाहर निकल आई थीं। सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान आर्य नगर निवासी 25 वर्षीय मोहित पुत्र नवीन के रूप में हुई है। वह खत्री वैष्णव ढाबे पर काम करता था। बताया जा रहा है कि मोहित शराब पीने का आदी था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। मोहित अपने छोटे भाई सचिन के साथ किराए के कमरे में रहता था।

गर्दन और पेट पर किए गए कई वार

पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित के शरीर पर चाकू से किए गए 11 घाव मिले हैं। गर्दन पर 4 वार किए गए, जिनमें 3 टेढ़े और एक सीधा वार था। वहीं पेट पर 7 वार किए गए, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। पुलिस के अनुसार हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है।

आखिरी बार नशे की हालत में दिखा था मोहित

मोहित के चचेरे भाई गौरव ने बताया कि उसकी किला रोड पर दुकान है। बुधवार रात करीब 8 बजे उसने मोहित को गीता मार्केट की तरफ से शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए मेन रोड की तरफ जाते देखा था। उस समय उसने उसे नहीं रोका, लेकिन बाद में हत्या की खबर मिली।

भाई ने दो युवकों पर जताया शक

मोहित के छोटे भाई सचिन ने हर्षित और बिट्टू नाम के दो युवकों पर हत्या का शक जताया है। सचिन के मुताबिक, कुछ दिन पहले दोनों की मोहित के साथ कहासुनी और मारपीट हुई थी। उसे आशंका है कि दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।

आरोपियों की तलाश में जुटीं 5 टीमें

नई अनाज मंडी चौकी इंचार्ज निकेश कुमार ने बताया कि हत्या की जांच के लिए पुलिस की 5 टीमें बनाई गई हैं। किला रोड से लेकर कच्ची बेरी रोड तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में मोहित अकेला जाता दिखाई दिया है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Exit mobile version