Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कैथल में सड़क हादसे में बिजली निगम के ALM की मौत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 5 बहनों का इकलौता भाई था संजीव

कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में गांव चंदलाना के पास सड़क हादसे में बिजली निगम के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव संगरौली निवासी 26 वर्षीय संजीव कुमार के रूप में हुई है। वह बिजली निगम के पूंडरी सब डिविजन नंबर-1 में असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, संजीव मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढांड से अपने गांव संगरौली लौट रहा था। इसी दौरान गांव चंदलाना के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे उसके साथी को भी चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

24 घंटे ड्यूटी पर रहता था संजीव

बिजली निगम के जेई नरेश कुमार ने बताया कि संजीव पूंडरी सब डिविजन नंबर-1 कार्यालय में ALM के पद पर तैनात था। वह 24 घंटे ड्यूटी पर रहता था और जरूरत पड़ने पर उसे किसी भी समय काम के लिए बुलाया जा सकता था।

पांच बहनों का इकलौता भाई था

संजीव की उम्र करीब 26 साल थी। उसकी शादी हो चुकी थी और उसकी एक छोटी बेटी है। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज

ढांड थाना के जांच अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Exit mobile version