Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 5 और शहरों में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें:10 रुपए होगा किराया, आसानी से चढ़ सकेंगे बच्चे-बुजुर्ग, महिलाओं की सुरक्षा का ध्यान

हरियाणा के 5 और शहरों में 26 जनवरी से नई इलेक्ट्रिक बसें चलने जा रही हैं। हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, सोनीपत, अंबाला में बसें पहुंच गई हैं। इन बसों को रूट तय हो गए हैं। इन बसों में न्यूनतम किराया 10 रुपए होगा। यह बसें एक बार चार्ज होने पर करीब 200 किमी. तक चलेंगी। इन बसों की खास बात यह है कि इसमें महिलाओं की सुविधा व सुरक्षा का ध्यान रखा गया है।

लो फ्लोर होने के कारण बुजुर्ग व बच्चे भी इन बसों में आसानी से चढ़ पाएंगे। इन बसों को चलाने के लिए जेबीएम कंपनी ही अपने ड्राइवर देगी, जबकि परिचालक रोडवेज विभाग के होंगे। हालांकि अभी कंपनी परिचालक भी खुद के ही रखने की बात कर रही है, मगर रोडवेज चाहता है कि परिचालक उनके हो।

हरियाणा के 4 शहरों में यह बसें पहले से चल रही हैं, जिनमें करनाल, पानीपत, फरीदाबाद और यमुनानगर शामिल हैं। गुरुग्राम में पहले से इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। 26 जनवरी के बाद हरियाणा के 10 शहर ऐसे होंगे जिसमें इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, इससे पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा। यह पूरी तरह ईंधन रहित होंगी।

भारत सरकार ने पीपीपी मॉडल पर 10,000 इलेक्ट्रिक बसों की तैनाती करके बस संचालन को बढ़ाने के उद्देश्य से 16 अगस्त 2023 को “पीएम-ई-बस सेवा योजना” शुरू की थी।

Exit mobile version