Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

EVM पर चुनाव आयोग का जवाब,ईवीएम 100 फीसदी सुरक्षित है’, कांग्रेस के आरोपों को मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया बेतुका

चुनाव आयोग मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान करेगा। इस बीच विपक्षी पार्टियों ने एक बार फिर ईवीएम में गड़बड़ी का मुद्दा उठा दिया है, जिसे मुख्य चुनाव आयुक्त ने सिरे से खारिज कर दिया है। 

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ‘जनता ने मतदान में शामिल होकर जवाब दे दिया है। जहां तक ईवीएम की बात है तो वे 100 फीसदी सुरक्षित हैं। अगर वे फिर से सवाल उठाएंगे तो हम उन्हें फिर जवाब देंगे।’ गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने दावा किया था कि ईवीएम से छेड़छाड़ की जा सकती है और उन्होंने इसके लिए इस्राइल द्वारा हिजबुल्ला के पेजर हैक करने का उदाहरण दिया था। 

राशिद अल्वी ने कहा कि ‘महाराष्ट्र में विपक्ष को बैलेट पेपर से मतदान के लिए दबाव बनाना चाहिए न कि ईवीएम से। वरना महाराष्ट्र में भाजपा सरकार और चुनाव आयोग कुछ भी कर सकते हैं। अगर इस्राइल पेजर और वॉकी टॉकी का इस्तेमाल कर लोगों को मार सकते हैं तो फिर ईवीएम क्या चीज है? प्रधानमंत्री के इस्राइल के साथ अच्छे संबंध हैं और इस्राइल इन चीजों को करने में एक्सपर्ट है। ईवीएम का बड़ा खेल कहीं भी हो सकता है और उसके लिए भाजपा चुनाव से पहले ये सब खेल कर लेती है।’

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी हरियाणा चुनाव में मतगणना के दौरान ईवीएम को लेकर सवाल किए थे। पवन खेड़ा ने कहा था कि हमने 20 सीटों की लिस्ट भेजी है, जिन पर उम्मीदवारों ने ईवीएम से वोटों की गिनती को लेकर लिखित और मौखिक शिकायत दी थी। पवन खेड़ा ने कहा कि ‘जो ईवीएम 99 प्रतिशत चार्ज थीं, उन पर कांग्रेस पार्टी की हार हुई और जो ईवीएम 60-70 प्रतिशत चार्ज थीं, वहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की। ये हैरानी की बात है।’

Exit mobile version