रोहतक, 2 सितंबर 2026। जिला बार एसोसिएशन, रोहतक के वर्ष 2026 के चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर एवं निर्वाचन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 3 सितंबर और 5 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।

नामांकन पत्रों की स्क्रूटिनी 7 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे से होगी, जबकि प्रत्याशी अपना नामांकन 7 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात 7 सितंबर को सायं 5:00 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी l

11 सितंबर को होगा मतदान

जिला बार एसोसिएशन रोहतक का मतदान 11 सितंबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी तथा मतगणना एवं आवश्यक सत्यापन पूरा होने के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

नामांकन शुल्क निर्धारित

निर्वाचन समिति द्वारा विभिन्न पदों के लिए नामांकन शुल्क निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए ₹51,000, महासचिव के लिए ₹31,000, उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष (महिला) के लिए ₹21,000, संयुक्त सचिव एवं लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए ₹11,000 तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए ₹2,100 नामांकन शुल्क निर्धारित है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक नामांकन पत्र का शुल्क ₹1,000 होगा।

प्रस्तावक एवं अनुमोदक के लिए विशेष शर्त

निर्वाचन समिति ने प्रस्तावक एवं अनुमोदक को लेकर भी स्पष्ट शर्त निर्धारित की है। कोई भी प्रस्तावक केवल एक प्रत्याशी का प्रस्तावक बन सकेगा और कोई भी अनुमोदक केवल एक प्रत्याशी का अनुमोदक बन सकेगा। एक प्रत्याशी का प्रस्तावक बनने वाला व्यक्ति किसी अन्य प्रत्याशी का अनुमोदक तथा एक प्रत्याशी का अनुमोदक बनने वाला व्यक्ति किसी अन्य प्रत्याशी का प्रस्तावक नहीं बन सकेगा।

पद के अनुसार अनुभव अनिवार्य

चुनाव लड़ने के लिए पद के अनुसार न्यूनतम प्रैक्टिस अनुभव भी निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए 10 वर्ष, महासचिव एवं उपाध्यक्ष पद के लिए 5 वर्ष, संयुक्त सचिव एवं लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए 3 वर्ष तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 1 वर्ष का न्यूनतम अनुभव आवश्यक होगा।

प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र में दिए गए एनरोलमेंट एवं प्रैक्टिस अनुभव का सत्यापन जिला बार एसोसिएशन के रिकॉर्ड अथवा संबंधित आधिकारिक रिकॉर्ड से किया जाएगा। गलत घोषणा, तथ्य छिपाने अथवा गलत जानकारी देने की स्थिति में नामांकन लागू निर्वाचन नियमों के अनुसार निरस्त किया जा सकता है।

निर्वाचन समिति ने सभी पात्र सदस्यों एवं संभावित प्रत्याशियों से निर्धारित तिथियों एवं समय का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

आदेशानुसार
रिटर्निंग ऑफिसर
निर्वाचन समिति
जिला बार एसोसिएशन, रोहतक
निर्वाचन-2026

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!