Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक से बुजुर्ग महिला लापता:बहू से लड़ाई होने के बाद घर छोड़कर गई, पुलिस ने हरिद्वार तक तलाश किया, नहीं लगा सुराग

रोहतक जिले के एक गांव में रहने वाली बुजुर्ग महिला संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई है। लापता होने से पहले सास-बहू का झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला ने घर छोड़ दिया। हालांकि परिवार वालों को जब इसका पता लगा तो उन्होंने महिला की तलाश आरंभ कर दी। हरिद्वार तक छापामारी करके महिला की तलाश की गई।

रोहतक के सदर थाना एरिया के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 जुलाई की सुबह उसकी करीब 52 वर्षीय पत्नी और पुत्रवधू की घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों में हुई कहासुनी के बाद उसकी पत्नी ने नाराज होकर अपना घर छोड़ दिया। वह बिना बताए कहीं चली गई और अभी तक वापस नहीं लौटी।

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी को हर जगह तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा। यहां तक कि अपनी रिश्तेदारियों और परिचितों से भी संपर्क करके पूछताछ की, लेकिन कहीं पर कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी।

जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि महिला की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। फिलहाल पुलिस टीम महिला को तलाशने के लिए हरिद्वार में जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक महिला नहीं मिल पाई है। उम्मीद है कि जल्द ही महिला को तलाश लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version