फतेहाबाद जिले के भूना में बाइक के आगे बुजुर्ग महिला टकरा गई। इससे बुजुर्ग घायल हो गई। इसके बाद बुजुर्ग के परिजनों ने बाइक सवार को पीट दिया। इससे दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों को भूना सीएचसी में दाखिल करवाया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
जानकारी के अनुसार, भूना के बाइक सवार विनोद कुमार बाइक लेकर बुधवार रात को टोहाना रोड पर जा रहा था। इसी दौरान उसके बाइक के आगे बुजुर्ग महिला आ गई, महिला सड़क पर गिर गई। विनोद कुमार का आरोप है कि इतने में ही बुजुर्ग महिला के परिवार के लोग आ गए। उन्होंने आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने अपने भाई को फोन करके बुलाया, तो उसके सिर पर भी रॉड मार कर उसे घायल कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के पूर्ण चंद के अनुसार उनकी मां टोहाना रोड पर उनकी दुकान के पास थी। उसी समय बाइक सवार विनोद कुमार बाइक लेकर आया और उनकी मां को बाइक से टक्कर मार दी। इसके बाद विनोद और उसके भाई ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। मामले की सूचना भूना पुलिस को दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
