रोहतक के सेक्टर 6 स्थित एक बाग में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की तरफ से पेड़ काटने के विरोध में राजबीर राठी नामक बुजुर्ग बरगद के पेड़ पर रस्सी लेकर चढ़ गया। राजबीर राठी ने कहा कि अगर किसी भी पेड़ को काटने का प्रयास किया तो वह फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेंगे।
सेक्टर 6 स्थित बाग की जमीन का केस राजबीर राठी की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में अपील में है। क्योंकि हाईकोर्ट से राजबीर राठी केस हार गया था और एचएसवीपी केस जीता था। वहीं, एनजीटी कोर्ट में भी दोनों पक्षों की तरफ से सुनवाई के बाद फैसला आना बाकी है। बावजूद इसके एचएसवीपी की तरफ से बाग में लगे पेड़ों को काटने का प्रयास किया जा रहा है।
राजबीर राठी ने बताया कि एचएसवीपी की तरफ से एनजीटी कोर्ट में बाग के अंदर 1500 पेड़ बताए थे, जिनको लेकर एफिडेविट दे रखा है कि फलदार पौधों को शिफ्ट किया जाएगा। लेकिन विभाग की तरफ से कल शाम गुपचुप तरीके से करीब 200 पेड़ काट दिए गए। बाकी पेड़ों पर भी हारी चलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है
पेड़ पर चढ़े राजबीर राठी ने बताया कि बाग की जमीन को लेकर वह हाईकोर्ट से केस हार गए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में अपील कर रखी है। जमीन के साथ-साथ 1500 पेड़ों का सवाल भी है। अगर एचएसवीपी ने अपनी मनमानी नहीं रोकी तो वह पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेंगे, जिसका जिम्मेदार एचएसवीपी विभाग होगा।

बाग में पेड़ों की कटाई करने के लिए जब एचएसवीपी विभाग की तरफ से पुलिस फोर्स पहुंची तो वहां उन्हें एक बुजुर्ग पेड़ के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर बुजुर्ग सालों पुराने बरगद के पेड़ पर रस्सी लेकर चढ़ गया। पुलिस ने बुजुर्ग को समझाने व नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन बुजुर्ग नहीं माना और आत्महत्या की चेतावनी दी।
