रोहतक जिले में एक भाई ने अपनी ही बड़ी बहन की हत्या कर दी। भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें बात इतनी बढ़ गई कि भाई ने बहन को कुल्हाड़ी से काट दिया। इसके बाद युवक ने खुद ही फोन कर पुलिस को सूचना दी।
उसने फोन पर कहा, “सर, मैंने अपनी बहन को जान से मार दिया है। मुझे गिरफ्तार कर लो।” सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय रितु के रूप में हुई है। वह रोहतक की संजय कॉलोनी में रहती थी। सूत्रों के अनुसार, मृतका मानसिक रोग से ग्रस्त थी। उसका रोहतक PGI में इलाज चल रहा था। उसने अपनी मां को मारने की कोशिश की थी। इसके बाद यह वारदात हुई।
