बॉलीवुड में एक के बाद एक सेलेब्स कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। जिसे देखकर लग रहा है कि जैसे बॉलीवुड में कोरोना बम फूटा है। अभी हाल ही में अर्जुन कपूर समेत उनकी फैमिली में कई लोगों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब खबर है कि डायरेक्टर, प्रोड्यूसर एकता कपूर को भी कोरोना हो गया है। उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी दी है।
एकता कपूर ने लिखा- सभी सावधानियां बरतने के बाद भी मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं और उन सभी लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील करती हूं जो बीते कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं।
एकता कपूर ने अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें वे अपनी गर्ल गैंग को फेस मसाज देती नजर आ रही हैं। ये वीडियो नीलम कोठारी ने भी शेयर किए।कुछ तस्वीरें एकता ने भी शेयर की थीं, जिनमें नीलम और एकता के अलावा पूजा सिप्पी और एकता की प्रोड्यूसर दोस्त शबीना भी नजर आ रही हैं।
टीवी एक्ट्रेस डेलनाज ईरानी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह जानकारी टीवी शो ‘कभी कभी इत्तेफाक से’ के मेकर्स ने जारी की। जैसे ही खबर सामने आई उसके तुरंत बाद पूरी कास्ट और क्रू को अलग कर दिया गया और उनका टेस्ट किया गया। बीएमसी को सूचना देने के बाद सेट को सैनिटाइज किया जाएगा। डेलनाज मेडिकल ट्रीटमेंट ले रही हैं और होम क्वॉरैंटाइन हैं।
एकता और डेलनाज से पहले कई टीवी एक्टर्स कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अब तक जो सेलेब्स कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, उनमें करीना कपूर, अमृता अरोड़ा, अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला के अलावा नोरा फतेही, मृणाल ठाकुर, रणवीर शौरी का बेटा, नकुल मेहता, उनकी वाइफ और 11 महीने के बेटे के अलावा डायरेक्टर राहुल रवैल का नाम शामिल है।
हाल ही में अर्जुन बिजलानी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें ओमिक्रॉन वैरिएंट वाला कोरोना हुआ है। नकुल मेहता ने भी सोमवार सुबह ही उनकी पत्नी और 11 महीने के बेटे के भी कोविड पॉजिटिव होने की खबर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी, नकुल ने यह भी बताया कि इस कठिन समय से उन्हें अकेले ही निपटना पड़ा क्योंकि उनके बेटे की तबियत ज्यादा खराब हो गई थी और उन्हें आधी रात में उसे अस्पताल ले जाना पड़ा था।

