Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रंगदारी नहीं दी तो अंडा व्यापारी के ऑफिस पर हमला…बदमाशों ने की तोड़फोड़

शहर में रंगदारी मांगने का विरोध करना एक अंडा व्यापारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि रंगदारी नहीं मिलने से नाराज बदमाशों ने अपने साथियों के साथ व्यापारी के कार्यालय पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस हमले में चार लोग घायल हो गए। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

50 हजार रुपये महीना मांगने का आरोप

गांव खेड़की माजरा निवासी अंकुश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अंडे का कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से स्थानीय बदमाश पव्वा डॉन उनसे हर महीने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था। आरोपी ने रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

अंकुश यादव ने बताया कि उन्होंने रंगदारी देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके कार्यालय पर हमला कर दिया।

हथियार लेकर पहुंचे बदमाश, ऑफिस में मचाई तबाही

शिकायत के अनुसार देर रात कई बदमाश डंडों, कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों के साथ कार्यालय में घुस आए। आरोपियों ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, जिससे चार लोग घायल हो गए।

बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे दुकान मालिक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Exit mobile version