Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब में रेल रोको आंदोलन का असर हिसार तक: धुरी और लुधियाना रूट की 8 ट्रेनें रद्द

पंजाब में चल रहे रेल रोको आंदोलन का असर हिसार तक दिखाई देने लगा है। किसानों द्वारा ट्रैक जाम कर देने के कारण हरियाणा से पंजाब की ओर जाने वाली कई गाड़ियों को अचानक से रद्द कर दिया गया है। इनमें सबसे ज्यादा हिसार रूट की ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे की तरफ से जारी आदेश के अनुसार इस आंदोलन के कारण फिरोजपुर मंडल पर सबसे ज्यादा रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे की तरफ से लुधियाना, सिरसा, धुरी रूट पर ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें लुधियाना-हिसार, लुधियाना-भिवानी, भिवानी-धुरी, सिरसा-धुरी, सिरसा-लुधियाना, फिरोजपुर-हनुमागढ़ आदि ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक केएल चौधरी के अनुसार, आज पंजाब की तरफ से कोई ट्रेन हिसार स्टेशन नहीं आई है। इस कारण से वापस रवानगी भी नहीं हो पाई है। ऊपर से आदेश मिले हैं कि रेल रोको आंदोलन के कारण पंजाब रूट पर ट्रेनों को रद्द किया गया है। बाकि रूट पर पहले की तरह आवागमन जारी है।

पंजाब रूट पर आज के लिए आठ ट्रेनों के फेरे बंद किए गए हैं। कल ट्रेनें शुरू हो पाएंगी या नहीं, इस बारे में भी अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। इन रूटों पर ट्रेनें बंद होने से करीबन तीस हजार से ज्यादा यात्रियों को परेशानी हुई है। ट्रेन रद्द की सूचना मिलते ही तुरंत इस बारे में स्टेशन पर घोषणा करवा दी गई थी, ताकि यात्री बस से अपने गंतव्य तक जा सकें। जैसे ही यात्रियों को इस बारे में पता लगा तो वह बस स्टैंड की और दौड़े।

Exit mobile version