राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के घर पोर्नोग्राफी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह छापामारी की। घर के बाद राज कुंद्रा के दफ्तर में भी छापा मारा गया है। इसके अलावा मुंबई और उत्तर प्रदेश में करीब 15 जगहों की तलाशी ली जा रही है। इसके जरिए ED मोबाइल एप्लिकेशन और दूसरे माध्यमों से पोर्नोग्राफी के सर्कुलेशन का पता लगा रही है।
बता दें कि कथित रूप से पोर्नोग्राफिक वीडियो बनाने के आरोप में जून 2021 में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी हुई थी। वह करीब दो महीने तक जेल में रहे, इसके बाद सितंबर 2021 में उन्हें जमानत मिल गई। मामले की जांच करने वाली मुंबई पुलिस का कहना है कि इस मामले में राज कुंद्रा मुख्य साजिशकर्ता हैं। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पहले पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
फरवरी 2021 में मड आईलेंड में पुलिस ने छापा मारा और पोर्न रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस केस में टीवी एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ का नाम सामने आया। पुलिस को गहना से राज कुंद्रा की कंपनी विहान इंटरप्राइज में काम कर रहे उमेश कामत के बारे में पता चला।उमेश राज कुंद्रा के लंदन स्थित बहनोई प्रदीप बख्शी को सारे वीडियो एक शेयरिंग एप्लिकेशन से भेजता था। प्रदीप कंपनी केनरीन के ऐप पर सारे वीडियो अपलोड करता था। उमेश यह ट्रांसफर राज के ऑफिस से ही करता था।
चार्जशीट के मुताबिक, उमेश के मोबाइल से ‘हॉटशॉट’ ऐप का अकाउंट और ‘हॉटशॉट’ टेकन डाउन नाम के दो वॉट्सऐप ग्रुप के बारे में पता चला। इन दोनों ग्रुप का एडमिन भी राज ही था।राज और उसकी कंपनी के आईटी हेड रयान थारप, उमेश, प्रदीप बख्शी और दूसरे कर्मचारियों के बीच ‘हॉटशॉट’ और ‘बोली फेम’ ऐप के कंटेंट पर काम करने वालों को पेमेंट, गूगल और एपल की तरफ से पेमेंट, यूजर्स रेवेन्यू के बारे में वॉट्सऐप ग्रुप में चैट हुई थी, मेल भेजे गए थे। आय का ब्योरा आदि स्टोर किया गया था।
यह सब हाथ लगने से पता चला कि राज ही सारे रैकेट का मास्टरमाइंड है, वह प्रदीप बख्शी के जरिए अश्लील वीडियोज अपलोड करवाता था और उसके बदले में पैसा कमाता था। इससे पहले हाई कोर्ट ने इस केस में राज कुंद्रा के अलावा अन्य 5 आरोपियों की अग्रिम जमानत की याचिका भी खारिज कर दी थी। कुंद्रा को मिली राहत के बाद अन्य आरोपी भी इसी आधार पर गिरफ्तारी से बचने की अपील कर सकते हैं। पोर्न फिल्में बनाने के मामले में ऐक्ट्रेस पूनम पांडेय, शर्लिन चोपड़ा और गहना वशिष्ठ को भी आरोपी बनाया गया था। राज कुंद्रा को जुलाई में गिरफ्तार किया गया था। राज कुंद्रा के हॉटशॉट्स ऐप पर अश्लील और पोर्न वीडियोज प्रसारित किए जाने का आरोप था।
