Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खड़े ट्रक में घुसी ईको कार:मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर 4 की मौत

मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार दोपहर हाइवे किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार ईको वैन घुस गई। घटना में महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। ईको वैन में सवार लोग हरियाणा के रहने वाले थे और हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रहे थे।

मृतकों की पहचान सुमित (34), योगित (7) पुत्र सुमित, तेजपाल (48), बबली (40) पत्नी तेजपाल के रूप में हुई है। सुमित की 10 वर्षीय बेटी निकिता घायल है। रिश्ते में सुमित साला और तेजपाल जीजा है।

घटना में 10 साल की बच्ची घायल हो गई है। उसे दिल्ली के GTB अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक हिंडन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से बातचीत की।

पुलिस ने बताया कि कार सुमित की थी और वही ड्राइव कर रहा था। चारों लोग रोहतक से हरिद्वार गए थे। हरिद्वार में पूजा-अर्चना और गंगा स्नान किया। फिर तेजपाल ने अपने बेटे को मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में छोड़ दिया। जहां पर वो पढ़ रहा है।

इसके बाद कार सवार पांच सदस्य एक्सप्रेस-वे के रास्ते रोहतक लौट रहे थे। एक्सप्रेस-वे पर मसूरी थाना क्षेत्र में गांव कुशलिया के पास ट्रक खड़ा था। तेज रफ्तार ईको इस ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घायल को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

SP देहात ईरज राजा ने बताया कि हादसे की वजह पता नहीं चल पाई है। पुलिस एक्सप्रेस-वे के CCTV कैमरे चेक कर रही है। इससे पता चल पाएगा कि यह हादसा कैसे हुआ।

Exit mobile version