हरियाणा के झज्जर में रविवार को शाम 4:10 बजे भूकंप के झटके लगे। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र झज्जर के गांव गिरावड़ के पास रहा। जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में हलचल हुई।
हालांकि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रदेश में एक महीने में 7वीं बार भूकंप आया है।
- 27 जून: महेंद्रगढ़ जिले में 27 जून की शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, उस दिन भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। जिसकी गहराई 5 किलोमीटर थी।
- 10 जुलाई: इस दिन सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर भूकंप आया था। करीब 10 सेकेंड तक झटके लगे थे। इसका केंद्र झज्जर था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 रही थी। भूकंप के झटके गुरुग्राम, रोहतक, पानीपत, झज्जर, हिसार, रेवाड़ी में महसूस किए गए थे।
- 11 जुलाई: शाम 7 बजकर 49 मिनट पर झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र भी झज्जर रहा। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 रही, जिसका असर गुरुग्राम, रोहतक, जींद, रेवाड़ी, सोनीपत और झज्जर में दिखा।
- 16-17 जुलाई: रात 12.46 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र रोहतक रहा। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। हालांकि इसमें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।
- 17 जुलाई: दोपहर 12:34 बजे भूकंप आया। इसका केंद्र झज्जर में रहा। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.5 मापी गई। इसका केंद्र 5 किलोमीटर की गहराई में था।
- 22 जुलाई: फरीदाबाद में सुबह 6 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 मापी गई। यह हलचल जमीन में पांच किलोमीटर की गहराई में हुई।

