Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नारनौल में वार्डन की मार से फटा कान का पर्दा:लाइब्रेरी में पढ़ रहे छात्र से मोबाइल मिलने पर भड़का; 2 पर FIR

हरियाणा के नारनौल में नांगल चौधरी कस्बा स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने वाले स्टूडेंट को कोचिंग सेंटर के वार्डन ने कई थप्पड़ जड़ दिए। थप्पड़ कान पर लगे और इससे स्टूडेंट के कान का पर्दा फट गया। विवाद मोबाइल फोन को लेकर था। स्टूडेंट की शिकायत पुलिस ने आरोपी कोचिंग सेंटर के संचालक व वार्डन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानकारी अनुसार अलवर के मुंडावर तहसील निवासी राहुल कुमार नांगल चौधरी के एक निजी कोचिंग सेंटर में एसएससी जीडी की तैयारी कर रहा है। गत दिवस वह वहां लाइब्रेरी में पढ़ रहा था। इस पर वहां पर कार्यरत वार्डन कृष्ण कुमार लाइब्रेरी में आया और उसने पूछा कि उसके पास फोन है क्या? तब उसने मना कर दिया। लेकिन बाद में डायरेक्टर के कहने पर उसने अपना फोन निकाल कर वार्डन दे दिया।

आरोप है कि तब कृष्ण कुमार ने आवेश में आकर छात्र के बाएं कान पर तीन थप्पड़ जोर से मारे। वार्डन ने हाथ में कड़ा पहना हुआ था, जिसके चलते उसके कड़े और हाथ से उसे बहुत तेज चोट लगी और उसे सुनाई देना बंद हो गया। इस बारे में उसने डायरेक्टर राजेश से भी बात की तो कृष्ण कुमार ने कहा कि मेरे मारने से कान का पर्दा फट गया है तो राजेश के मारने से पता नहीं क्या-क्या फट जाएगा।

शिकायत में लिखा है कि उपरोक्त घटना कोचिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। उसका कान का पर्दा फट जाने की वजह से उसकी पढ़ाई खराब हो गई है। भविष्य भी खराब हो गया है। उसके कान में भयंकर दर्द हो रहा है। उसे सुनाई नहीं दे रहा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version