हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र अपने बयानों में कह रहे हैं भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में ही हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी, लेकिन आज तक बापू-बेटा (भूपेंद्र-दीपेंद्र हुड्डा) के मुंह से कोई नई चीज या बात नहीं निकली।
ये दोनों अपने से बाहर सोच ही नहीं सकते। इनका I, ME और Myself का एजेंडा है। इस एजेंडे के ऊपर इन्होंने 10 साल तक जनता को लूटा। हुड्डा ने प्राइवेट बिल्डरों को 63 हजार एकड़ से ज्यादा भूमि एक्वायर करके दे दी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट का भी निर्णय आ चुका है। इनकी एक भर्ती ऐसी नहीं थी, जिसको कोर्ट ने स्ट्राइक डाउन न किया हो। युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है।
गठबंधन के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जब मैंने शपथ ली थी, तो उस टाइम मैं यह सुनने लगा था कि 15 दिन में गठबंधन टूट जाएगा, लेकिन आज सवा चार साल हो चुके हैं। हरियाणा प्रदेश को आगे ले जाने के लिए दोनों पार्टियों ने अच्छा काम किया है, गठबंधन है और आगे भी रहेगा।
प्रदेश को ओर भी ज्यादा मजबूती मिलेगी। चौटाला ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी अपनी लोकसभा और विधानसभा सीटों पर काम कर रही है और जेजेपी अपनी सीटों पर काम कर रही है। अलायंस जब होता है तो यह स्पष्ट होता है कि दोनों पार्टियां बैठकर निर्णय करेंगी। कार्यकर्ता उस फैसले पर फूल चढ़ाने का काम करते हैं।

