रोहतक स्थित पंडित लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट (PLC SUPVA) में हड़ताली विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान दुर्व्यवहार करने, जबरन यूनिवर्सिटी में घुसने व धमकी देने की शिकायत दी है। रजिस्ट्रार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 नामजद सहित अन्य विद्यार्थियों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुपवा के रजिस्ट्रार द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 28 अगस्त को करीब साढ़े 5-6 बजे के बीच कुछ हड़ताली छात्र विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर आ कर जबरदस्ती घुसने लगे। सुरक्षा कर्मियों के मना करने व समझाने के बावजूद भी वे नहीं माने और जबरदस्ती घुसने की कोशिश की। प्रदर्शन करने वाले छात्र गेट पर खड़े रहे और एक छात्र तो गेट पर ही चढ़कर विश्वविद्यालय में कूद गया।
उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि जब छात्रों को मना किया तो धमकी भी देने लगे। जब बड़ी मुश्किल से सुरक्षा कर्मियों ने छात्र को यूनिवर्सिटी से बाहर किया तो वह गेट पर बैठकर शोर करने लगा। सुरक्षा कर्मियों के समझाने का भी कोई असर नहीं पड़ा। जिसके कारण आखिरकार इनकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने 10 नामजद छात्रों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें कि सुपवा के 94 विद्यार्थी आज से 77 दिन पहले अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे थे। उनकी मांग थी कि विश्वविद्यालय में मिलने वाली सुविधा पूरी नहीं हैं। इन विद्यार्थियों को सुपवा द्वारा 12 सितंबर तक दाखिला लेने का समय दिया था। 49 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाकर दाखिला लिया है। वहीं अन्य विद्यार्थी अभी भी हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने आगामी दिनों में हड़ताल को तेज करने की चेतावनी भी दी है। जिसके तहत आमजन का समर्थन लेकर वे प्रदर्शन करेंगे।
