Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी ने युवक को मारी तीन गोलियां; आरोपी गिरफ़्तार

रोहतक में दुकानदार पर एक युवक ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिनमें से तीन गोली उसे जा लगी और वह घायल होकर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़ा। इससे पहले साल 2003 में घायल के ताऊ के लड़के की हत्या की गई थी। उसी रंजिश के कारण यह हमला किया गया है।

घायल की पहचान रामलीला पड़ाव मोहल्ला निवासी नवीन उर्फ बंटी के रूप में हुई है। जो अस्पताल में भर्ती है। हमले के समय घायल अपनी ताई के घर बैठा हुआ था। इसी दौरान मोहल्ले के ही एक युवक ने आकर फायरिंग शुरू कर दी। इधर, पुलिस ने मुख्य हमलावर सहित 11 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावर अरुण उर्फ फुगड़ को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

रोहतक के पुराना बस स्टैंड स्थित रामलीला ग्राउंड पड़ाव मोहल्ला निवासी नवीन उर्फ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मीट मार्केट में दुकान है। दिवाली से दो दिन पहले उसकी अरुण उर्फ फुगड़ के साथ कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय बीच-बचाव हो गया, लेकिन 5 नवंबर को नवीन अपनी ताई के घर पर था।

नवीन ने आरोप लगाया कि इसी दौरान अरुण रिवॉल्वर लेकर आया और जान से मारने की नियत से छाती पर फायर कर दिया। वहीं दूसरी गोली बाजू पर और तीसरी गोली दाएं हाथ में लगी। अन्य फायर भी किए। नवीन ने बचने के लिए शोर मचाया तो अरुण हथियार सहित मौके से फरार हो गया। गोली लगने के कारण घायल नवीन वहां पर गिर गया। घायल नवीन को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं अरुण का भाई आशीष भी दूर खड़ा होकर जान से मारने की धमकी दे रहा था।

नवीन ने बताया कि इस हमले के पीछे आपसी रंजिश है। वर्ष 2003 में उसके ताऊ के लड़के गुलशन की हत्या की थी। जो दीपक उर्फ सन्नी सहित अन्य ने किया था। अब उसके परिवार वालों ने मिलकर उसे मारने की साजिश रची है। मुख्य हमलावर अरुण को भी पैसे व हथियार देकर हत्या करने के लिए भेजा गया है। कुछ दिन पहले CIA ने भी इन्हें पकड़ा था। उस समय जमानत के बाद जान से मारने की धमकी दी थी।

सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक देशराज सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं आरोपी रामलीला पड़ाव मोहल्ला निवासी अरुण उर्फ फुगड़ को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Exit mobile version