रोहतक के गांव टिटौली में नाली के बहते पानी को लेकर हुए विवाद के बाद पति-पत्नी ने एक महिला पर उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। कस्सी से उसके सिर पर तेज वार किया। वहीं लाठी-डंडों से भी पीटा। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ महिला के बेटे ने केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
टिटौली निवासी अंकित ने पुलिस को बताया है कि उसकी मां शीला (40) की कई दिन पहले पड़ोस के ही सुरेंद्र उर्फ सुंदर व उसकी पत्नी से गली में नाली के बहते पानी को लेकर झगड़ा हो गया था। तब उन्होंने इसकी पुलिस से शिकायत की तो आरोपी पति-पत्नी ने माफी मांग ली। गुरुवार शाम को इसी बात पर फिर से झगड़ा हो गया।
इसके बाद सुरेंद्र व उसकी पत्नी हाथ में कस्सी व लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। किचन में खाना बना रही मां शीला पर सुरेंद्र ने कस्सी से वार कर दिया। कस्सी सिर में लगने से मां लहूलुहान हो गई। इसके बाद भी आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से वार किया। मां का शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर आए तो आरोपी वहां से भाग गए।
शिकायतकर्ता अंकित ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी उसकी मां को आइंदा जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। लेकिन अभी तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका है। वह फिर से हमला कर सकते हैं। मामले में थाना टिटौली चौकी की पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच की जा रही है। आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।

