पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद हरियाणा के मैदानी इलाकों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुग्राम और हिसार में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा, जिससे ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि हिसार और महेंद्रगढ़ में 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलवल में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा। नारनौल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम है
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से 14 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि दिन में धूप और रात में ठंडक बढ़ने से यह मौसम रबी की फसलों की बुआई के लिए बिल्कुल उपयुक्त है। किसानों को इस मौसम में सरसों, चना और गेहूं की बुआई करनी चाहिए, ताकि इन फसलों की पैदावार अच्छी हो।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में पिछले दिनों लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अधिक वर्षा हो रही थी। अब मौसम शुष्क रहने लगा है, जिससे प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी जिलों के साथ-साथ लगभग सभी जिलों में रात्रि तापमान में गिरावट आ रही है। पंजाब से सटे इलाकों में भी मौसम सामान्य बना हुआ है। हरियाणा में 17 अक्टूबर तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
