Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नशा तस्कर गिरफ्तार:ट्रक चालकों को कर रहा था सप्लाई, चरस और डोडापोस्त बरामद, एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो ने की कार्रवाई

हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की करनाल यूनिट ने रोहतक के थाना लाखन माजरा के एरिया में रोहतक-जींद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल से नशीला पदार्थ के अवैध कारोबार में लिप्त एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 264 ग्राम चरस और 4.406 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ है।

एनसीबी करनाल यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एएसआई नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ रोहतक-जींद राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंद्रगढ़ टोल प्लाजा के पास मौजूद थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि एक होटल पर एक व्यक्ति ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल पर दबिश देकर आरोपी को मौके से धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रोहतक के गांव चांदी निवासी अजमेर के रूप में हुई है।

एनसीबी टीम ने आरोपी के कब्जे मे एक प्लास्टिक के कट्टे से 264 ग्राम चरस और 4.406 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की आरोपी पर थाना लाखन माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत माध्यमिक मात्रा का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि नशा तस्करी के इस जाल में शामिल अन्य सहयोगियों को भी शीघ्र पकड़ा जा सके। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई दे तो टोल फ्री नंबर 1933 और हरियाणा एनसीबी के टॉल फ्री नंबर 90508-91508 पर बेफिक्र होकर सूचना दें, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version