Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ड्रग लाइसेंस की फाइल बनी कमाई का जरिया, 12 हजार की रिश्वत लेते एचकेआरएन कर्मचारी दबोचा।

रोहतक राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रोहतक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विनय (37 वर्ष), डाटा एंट्री ऑपरेटर (एचकेआरएनएल), जोनल कार्यालय, फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन, रोहतक पॉली क्लिनिक, सेक्टर-3, रोहतक को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विनय पुत्र राजबीर सिंह, निवासी गांव बलियाना, हाल मकान नंबर-980, सेक्टर-3, रोहतक के रूप में हुई है। इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में अभियोग भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा-7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता ने डी-फार्मा का कोर्स किया हुआ है और अपने गांव में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए ड्रग लाइसेंस हेतु आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी फाइल 1 जुलाई 2026 को जोनल कार्यालय, फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन, रोहतक में जमा करवाई थी। जब वह अपनी फाइल की प्रगति जानने के लिए कार्यालय पहुंचा तो वहां तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर विनय ने फाइल निकलवाने और आगे बढ़ाने के एवज में 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने पर एसीबी रोहतक ने ट्रैप टीम गठित की। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान आरोपी को 12,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।

Exit mobile version