Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में रोहतक पानीपत समेत 8 शहरों में बूंदाबांदी:हिसार-कैथल सहित 5 और जिलों में अलर्ट; 2 दिन बाद प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट

हरियाणा के 8 शहरों में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। इनमें पानीपत, रोहतक, सोनीपत, नारनौल, झज्जर, समालखा, चरखीदादरी और पलवल शामिल हैं। मौसम विभाग ने 5 और जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। हिसार में तेज बारिश हो सकती है।

फरीदाबाद में भी कल रात बादल छाए थे, लेकिन अब मौसम साफ है। जींद में हल्की धूप खिली हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक कल भी बारिश रह सकती है। इसके बाद घना कोहरा छा सकता है। कृषि विशेषज्ञ बारिश होने को गेहूं की फसल के लिए अच्छा मान रहे हैं।

हरियाणा में 31 जनवरी के बाद से ही लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव थे, लेकिन अभी तक बारिश नहीं हुई है। फरवरी के पहले सप्ताह में बारिश फसलों के लिए अच्छी मानी जाती है। बारिश न होने से किसान मायूस है। आज उम्मीद जताई जा रही है कि गेहूं के इलाके वाले 5 जिलों में बारिश से किसानों को राहत मिल सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आज कहीं-कहीं बिखराव वाली छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। 5 फरवरी के बाद एक बार फिर से हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और सम्पूर्ण इलाके में कोहरा छा सकता है।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा और इस महीने के अंत तक गर्मी महसूस होने लगेगी। हालांकि, एक के बाद एक 5 पश्चिमी विक्षोभ फरवरी में आएंगे जिससे मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

अभी जो मौसम बना हुआ है उससे सुबह-शाम ठंडे तेवर दिखाएगी। जबकि, धीरे-धीरे दिन के तापमान में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना है।

Exit mobile version