Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ड्राइवरों की हड़ताल, हरियाणा में डीजल-पेट्रोल की सप्लाई आधी:पंजाब में 30% पंप खाली, हिमाचल में बसें खड़ी, चंडीगढ़ में तेल बिक्री पर शर्त

नए हिट एंड रन कानून के विरोध में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ में ड्राइवरों की हड़ताल जारी है। ड्राइवरों ने टैंकर खड़े कर दिए हैं। जिसका असर दिखना शुरू हो गया है। हरियाणा पेट्रोल पंपों में तेल की सप्लाई आधी हो गई है। इसे देखते हुए पेट्रोल पंपों पर लोग तेल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं।

वहीं पंजाब के 4100 पंपों में से 30% पंप कल रात ही खाली हो चुके थे। कई पेट्रोल पंपों पर मात्र एक दिन का तेल बचा है, जो आज शाम तक बिक जाएगा। अमृतसर में कुछ लोग खुद तेल भरते दिखे।

इसके साथ हिमाचल प्रदेश में 80% पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। तेल की कमी की वजह से HRTC की 168 बसें खड़ी हो गई। इसी तरह 150 से ज्यादा प्राइवेट बसों के पहिए भी थम गए हैं।

उधर, चंडीगढ़ में प्रशासन ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर शर्त लगा दी है। यहां दोपहिया वाहन के लिए 2 लीटर (अधिकतम मूल्य 200 रुपए) और चार पहिया वाहन के लिए 5 लीटर (अधिकतम मूल्य 500 रुपए) तेल बिक्री के प्रतिबंध लगाए हैं। स्थिति सामान्य होने तक यह शर्त लागू रहेगी।

अगर ड्राइवरों की हड़ताल लंबी चली तो प्रदेश की मंडियों में भी इसका असर दिखेगा। खासकर सब्जी मंडियों में इसका असर अधिक होगा, क्योंकि अधिकतर सब्जी बाहरी राज्यों से आती हैं। दिल्ली, हिमाचल और अन्य प्रदेशों से वाहनों की संख्या कम होने लगी है। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर से मेवों समेत अन्य खाद्यों पदार्थों की आपूर्ति होती है।

हरियाणा में हड़ताल को लेकर सरकार की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है। हालांकि ब्यूरोक्रेसी इस पूरे प्रकरण पर अपनी नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version