Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सुधरेगी पेयजल व्यवस्था:10.59 करोड़ से बिछेगी 21 हजार मीटर पाइपलाइन, 12 से अधिक कॉलोनीवासी होंगे लाभांवित

रोहतक DC अजय कुमार ने अपने कार्यालय में पेयजल आपूर्ति को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें डीसी ने कहा कि नगर की पेयजल व्यवस्था से संबंधित तंत्र को मजबूत बनाया जाएगा। इस कार्य पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के अनुरूप 10.59 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि घोषणा अनुसार शहर में पुरानी पेयजल पाइपलाइन को बदली व आवश्यकता अनुसार नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। लगभग 21 हजार मीटर की पेयजल पाइपलाइन बदलने व नई बिछाने का अनुमान है।

परियोजना से नगर के जिन क्षेत्रों को लाभ पहुंचेगा, उनमें डीएलएफ कॉलोनी, चावला कॉलोनी, टेक नगर, हकीकत नगर, अग्रसेन कॉलोनी, प्रीत विहार, अंबेडकर कॉलोनी, एकता कॉलोनी, मॉडल टाउन, वसंत विहार, रैनकपुरा, राजेंद्र कॉलोनी व हरि सिंह कॉलोनी आदि शामिल हैं।

डीसी ने नक्शे के माध्यम से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों के बारे में रिपोर्ट ली। आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए कि एकता कॉलोनी व पटेल नगर में बूस्टर बनाया जा चुका है। इन दोनों बूस्टर को डी प्लान के तहत पैसा खर्च करके 2 सप्ताह के अंदर चालू कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने रामजोहड़ी क्षेत्र में स्थापित बूस्टर में वाल लगाने का कार्य पूर्ण किया है। अब पानी को नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे रैनकपुरा व खोखरा कोट क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। हिसार रोड स्थित आइडीसी कॉलोनी से जल घर को अपग्रेड करने की प्रक्रिया भी जारी है।

डीसी अजय कुमार ने कहा कि प्रत्येक घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से पेयजल को व्यर्थ न बहाने का भी आह्वान किया। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को समुचित मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

Exit mobile version