Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मानसून से पहले ड्रेन की सफाई अधूरी:बिना ट्रीटमेंट डाला जा रहा केमिकल युक्त पानी; खेतों में जहरीली सब्जियों की सिंचाई

रोहतक में मानसून का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन ड्रेन नंबर 8 की अब तक ठीक से सफाई नहीं करवाई गई है। अधिकारियों ने सिर्फ औपचारिकता निभाई है, जिससे अगर तेज बारिश हुई तो ड्रेन टूटने और जलभराव की समस्या फिर से सामने आ सकती है

यह ड्रेन गोहाना से शुरू होकर झज्जर की ओर जाती है और बरसात में पानी निकासी का मुख्य जरिया है। शहर के सीवरों से निकलने वाला गंदा पानी भी इसी में डाला जाता है।

नियमों के मुताबिक ये पानी ट्रीट करके डालना चाहिए, लेकिन ठेकेदार लापरवाही करते हुए बिना ट्रीट किए ही गंदा पानी सीधे ड्रेन में डाल रहे हैं, जिससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।

ड्रेन नंबर 8 के आसपास के खेतों में कई किसानों ने अवैध तरीके से ट्यूबवैल लगा रखे हैं, जिससे वे ड्रेन के पानी से सिंचाई कर रहे हैं। इस ड्रेन में केमिकल मिला हुआ गंदा पानी डाला जा रहा है, जो सीधे खेतों में पहुंच रहा है।

इस गंदे पानी से सब्जियों की सिंचाई की जा रही है, जिससे ये सब्जियां जहरीली बन रही हैं और लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचा रही हैं। ये गंभीर मामला है, क्योंकि इससे न केवल जमीन खराब हो रही है, बल्कि खाने की चीजें भी जानलेवा बनती जा रही हैं।

ड्रेन में अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए अक्सर चरवाहे भी पहुंच जाते हैं। ड्रेन में जहरीला पानी होने के कारण पशुओं को भी परेशानी हो रही है। साथ ही वहां लगी घास भी जहरीली है, जो पशुओं की सेहत भी खराब करने के लिए काफी है। इसकी तरफ न तो प्रशासन ध्यान दे रहा और न ही सरकार कोई कदम उठा रही।

ड्रेन नंबर 8 में केमिकल युक्त पानी छोड़ा जा रहा है। कुछ फैक्ट्रियों का सीधा पानी आता है तो ड्रेन के साथ बनी एसटीपी से भी सीवर के गंदे पानी को बिना ट्रीट किए सीधे ड्रेन में छोड़ा जा रहा है। एसटीपी के लिए करोड़ों रुपए सरकार खर्च करती है, लेकिन सुविधा की बजाय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गांव सिंहपुरा कलां के सरपंच सुमित सिंह ने बताया कि ड्रेन नंबर 8 में लगातार गंदा पानी डाला जा रहा है, जो काफी हानिकारक है। वहीं, ड्रेन की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। 15 दिन पहले ही ड्रेन की सफाई की गई, लेकिन सफाई के नाम पर केवल किनारों को साफ किया गया।

सुमित ने कहा कि ड्रेन के अंदर उगी झाड़ियों को नहीं हटाया गया और न ही पेड़ों को हटाया जा रहा। ड्रेन की पटरी को भी दुरुस्त नहीं करवाया जा रहा। पिछली बार भी गांव सिसरोली के पास पटरी टूटी थी, अगर समय पर ड्रेन की अच्छे से सफाई नहीं की और पटरी की मरम्मत नहीं हुई तो एक बार फिर बरसात के दिनों में ड्रेन टूटने के आसार बन जाएंगे।

सुमित सिंह ने बताया कि एसटीपी में बड़ा घोटाला हो रहा है। कहने को तो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट हैं, लेकिन इसकी सारी मशीनें बंद पड़ी है। पानी को बिना ट्रीट किए गंदा पानी ही ड्रेन में डाला जा रहा है। एसटीपी का ठेका गुजरात की कंपनी को दे रखा है, जो लापरवाही बरत रही है। इसके बारे में शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा।

Exit mobile version