Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में डॉ. अरविंद शर्मा की फिसली जुबान:कैबिनेट मंत्री बोले- रामअवतार को बना दिया वाल्मीकि, मेयर की सीट को बताया दादा लाई

रोहतक जिले में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा की मेयर रामअवतार वाल्मीकि के पदभार ग्रहण समारोह में बोलते हुए जुबान फिसल गई। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक की जनता ने रामअवतार को अब वाल्मीकि बना दिया। इसके बाद बात को संभालने के चक्कर में रामअवतार वाल्मीकि की तुलना महर्षि वाल्मीकि के साथ कर डाली।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का बहुत बड़ा नाम है, वैसे ही रामअवतार वाल्मीकि को भी बड़ा काम करना चाहिए। रामअवतार वाल्मीकि को खरा सोना जनता ने बनाया है। गलती से उनके मुंह से जो निकला है, उसके भी कुछ ना कुछ मायने होंगे। रामअवतार को अब काम करके दिखाना होगा, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर गौर किया जाए तो मेयर की सीट तो दादालाई रोहतक की है। थोड़ी सी मेहनत अगर कर लें तो संसद सीट भी दादालाई है, उसे कोई छीन नहीं सकता। इस बार तो सीट निकाल दी, लेकिन आगे फिर भाजपा की सीट होगी। रोहतक शहर, महम, कलानौर की सीट कभी जिंदगी में भाजपा के हाथ से नहीं जा सकती, बस एकजुट होकर निशाना लगाने की जरूरत है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने लोगों को बहकाते हुए चुनाव लड़ा था। कांग्रेस के लोग अपनी जेब में फीता रखते थे, अपनी छाती नाप रहे थे। लोगों को गुमराह किया गया। उस समय भी हमने कहा था कि कांग्रेस का राज अब कभी नहीं आने वाला। आज पूरा देश भगवा हो गया है। जब जनता मिलकर चलेगी तो जीत अवश्य मिलेगी।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन में पिछले 15 साल से काबिज एक पार्टी के लोगों का सफाया किया गया। जहां 15 साल से कांग्रेस का कब्जा था, आज उनका किला तोड़ते हुए भगवा लहराया गया है। आज बार भी भगवा हो गई है। वहीं, रोहतक में दूसरी बार मेयर बनाने में पूर्व मेयर मनमोहन गोयल का बड़ा योगदान रहा है।

मंत्री पंवार ने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब हो चुकी है। यही कारण है कि आज तक कांग्रेस विपक्ष का नेता भी नहीं बना पाई। पूरा सेशन बिना विपक्ष के नेता ही समाप्त हो गया। कांग्रेस के लोगों से बात करवा लो, लेकिन अब कांग्रेस में कुछ नहीं बचा। लोगों का विश्वास भाजपा में बढ़ा है और इसी का परिणाम है कि आज भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार है।

Exit mobile version