Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मौसम का डबल अटैक! 10 जिलों में हीटवेव, कई इलाकों में बारिश का अलर्ट

हरियाणा में रविवार (28 जून) को मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। 27 जून को भिवानी हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

27 जून को जारी पूर्वानुमान के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और चरखी दादरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, 1 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। 2 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने 1 जुलाई से कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। भिवानी में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हिसार में 41.4, अंबाला में 41, करनाल में 40.4, चंडीगढ़ में 40.7 और नारनौल में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। हालांकि जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Exit mobile version