रेवाड़ी के गांव कन्हौरा स्थित कुएं में 3 दिन पहले मिली 2 युवकों की लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दोनों की हत्या कर शव कुएं में फेंके गए थे। रंजिश DJ पर नाचने के दौरान हुई कहासुनी के बाद पनपी। रोहड़ाई थाना पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव कन्हौरा निवासी अमित (20) व अमन (18) दोनों आपस में खास दोस्त थे। दोनों 2 नवंबर की देर शाम गांव में ही लगी चाऊमीन की रेहड़ी पर बैठे हुए थे। आरोप है कि तभी गांव निवासी राजा और रोहित वहां पहुंचे और दोनों को अपनी बाइक पर बैठाकर लेकर गए थे। दोनों अकसर साथ काम करने जाते थे। ऐसे में परिवार को उनके बारे में पता नहीं चल पाया।
3 दिन पहले शनिवार की शाम गांव कन्हौरा के कुछ युवक क्रिकेट खेलने के लिए गांव हांसावास रोड स्थित खेत में गए थे। इसी दौरान एक युवक की नजर कुएं पर पड़ी तो उसमें युवकों की लाश तैर रही थी। युवकों ने गांव के सरपंच के अलावा रोहड़ाई थाना पुलिस को सूचना दी। आधी रात ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों के शव को बाहर निकाला और अगले दिन रविवार को सामान्य कार्रवाई करते हुए दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था।
रोहड़ाई थाना पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि मृतक अमित की 30 अक्टूबर को सगाई थी और सगाई के दिन डीजे पर नाचने के दौरान राजा के साथ कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने इसी बात को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई। मामला रेवाड़ी सीआईए को सौंपा गया। पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का राज खुल गया।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि दोनों उसी रात अमित व अमन को साथ लेकर कुएं पर पहुंचे थे। शराब के नशे में दोनों के सिर पर शराब की बोतल से वार किए और फिर शव को कुएं में फेंक कर आ गए थे। कुएं में कई दिन लाश पड़ी होने की वजह से फूल गई थी। जिसके चलते दोनों को ना तो ग्रामीण पहचान पाए और ना ही उनके परिजन। हालांकि एक शख्स के हाथ पर लिखे नाम के बाद दोनों की पहचान हो गई थी।

