सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के गांव गोपालपुर में अल सुबह एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की दराती से गला काट कर और बेटे की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। कहा जा रहा है कि व्यक्ति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों को लेकर वो पूछताछ कर रहे हैं। वारदात के बाद व्यक्ति ने खुद ही थाने में जाकर पत्नी और बेटे की हत्या की जानकारी दी। पुलिस इससे सन्न रह गई।
पत्नी कुसुम और बेटे इशांत काे मौत के घात उतारने के बाद हत्यारोपी शमशेर सिंह सुबह सवा 6 बजे खरखौदा थाने पहुंचा था। वह खून से सना हुआ था और उसने पुलिस के हाउस अफसर को जो बातें बताई, उसे सुन कर वे सन्न रह गए। डबल मर्डर के बाद वह घर पर ही रहा। करीब 5 घंटे बाद आत्म ग्लानि हुई तो वह खून से सनी हालत में ही थाने पहुंच गया।
कुसुम का शव जहां कमरे में पड़ा मिला, वहीं बेटे का शव छत पर था। वह मच्छरदानी लगाकर सोया हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार वारदात सुबह 3 बजे के करीब हुई है। बताया गया है कि पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा रहता था। इसी के चलते शमशेर की बहन इशांत की बहन को बुआ अपने पास ले गई थी।
डबल मर्डर की सूचना के बाद एसीपी जीत सिंह बैनीवाल और थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां महिला खून से सनी हालत में मिली। वहीं बेटे का शव छत पर पड़ा था। उसके गले पर निशान मिले हैं। महिला की तरह उसका गला नहीं काटा गया है। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम और आला अधिकारियों को डबल मर्डर की सूचना दी।
शमशेर और कुसुम दो बच्चों के माता पिता थे। उनकी बेटी करीब 10 साल की है। वह गांव रतनगढ़ माजरा में अपनी बुआ के घर रहती है। इसी कारण उसकी जान बच गई। इशांत अपने माता-पिता के पास ही रहता था। वह पिता के क्रोध का शिकार हो गया। ग्रामीणों की मानें तो पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा रहता था। रात को भी झगड़े की आवाजें आ रही थी। सुबह 3 बजे सो रही पत्नी का गला काट दिया।
थाना खरखौदा पुलिस ने गोपालपुर के दोहरे हत्याकांड में शमशेर के खिलाफ थाना के ड्यूटी अफसर की शिकायत पर ही धारा 302 IPC में केस दर्ज किया है। एसआई कृष्ण ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे थाना में एक व्यक्ति आया। उसके कपडों पर खून लगा हुआ। व्यक्ति से उसका नाम पता और कपड़ों पर लगे खून बारे पूछताछ की तो उसने अपना नाम शमशेर संदीप पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी गांव गोपालपुर बताया।
शमशेर ने पुलिस को बताया कि उसे काफी दिनों से अपनी पत्नी कुसुम के चरित्र पर शक था। इसको लेकर उसका कुसुम के साथ अक्सर झगडा रहता था। आज रात करीब 12 बजे उसने कुसुम पर दराती से जगह-जगह वार करके उसकी हत्या कर दी। उसका लडका इंशात उपर छत पर सोया हुआ था। उसने इंशात की गला दबाकर हत्या कर दी। जिस दराती से उसने पत्नी की हत्या की थी, वह दराती वही कुसुम के शव के साथ फेंक दी थी।
शमशेर उर्फ संदीप ने बताया कि इसके बाद वह घर पर ही रहा। अपनी पत्नी और बेटे के शव को देख कर उसे आत्म ग्लानि हुई। इसके बाद वह पुलिस थाने आ गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आयी। SI कृष्ण कुमार ने पूरे मामले की सूचना अपने अफसरों को दी और टीम के साथ गांव गोपालपुर पहुंच गया। वहां पर कुसुम का शव खून से सनी हालत में था। बेटा भी मच्छरदानी के अंदर अचेत पड़ा था। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेजा है। पुलिस शमशेर से पूछताछ कर रही है।

