Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 1 महीने तक चलेगा घर-घर सूर्य नमस्कार अभियान:15 मिनट में 12 बार प्रणाम का अभ्यास होगा, गांवों में स्वयंसेवक देंगे ट्रेनिंग

पूरे हरियाणा प्रदेश में एक माह (12 जनवरी से 12 फरवरी) तक लोगों को सूर्य नमस्कार करवाया जाएगा। स्कूलों से लेकर गांवों तक सूर्य नमस्कार करवाने की तैयारी की जा रही है। ताकि लोग स्वस्थ रहें। इसके लिए एक माह तक घर-घर में सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जाएगा।

हरियाणा योग आयोग और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलने वाले अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लोगों को योग से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से हरियाणा योग आयोग स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) से महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती (12 फरवरी) तक सूर्य नमस्कार अभियान चलाएगा। इस अभियान को लेकर गांवों में स्वंयसेवक ट्रेनिंग देंगे।

हर घर परिवार सूर्य नमस्कार अभियान के तहत 12 जनवरी से 12 फरवरी तक किसी भी 6 दिन सूर्य नमस्कार किया जाएगा। जिस दिन सूर्य नमस्कार किया जाएगा, उस दिन हर दिन 15 मिनट में 12 बार सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया जाएगा।

इस अभियान के बाद भी लोगों को नियमित रूप से सूर्य नमस्कार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके फोटो और वीडियो भी भेजे जाएंगे।

सूर्य नमस्कार अभियान से जुड़ने के लिए वेबसाइट पर व्यक्तिगत या संस्थागत रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद योग क्लब के प्रभारी को संगीतमय सूर्य नमस्कार के प्रशिक्षण सत्र का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

पंजीकरण होने पर व्यक्ति के नाम से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। स्कूल द्वारा नियुक्त व्यक्ति को पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी, जिसमें बताया जाए कि कितने प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसका सत्यापन प्रधानाचार्य द्वारा किया जाएगा।

रोहतक के जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों में पीटी और डीपी हैं। जिन्हें योग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। जिसके बाद स्कूलों के डीपी और पीटी विद्यार्थियों को योग करवाएंगे।

ताकि सभी बच्चे स्वस्थ रहें। एससीईआरटी द्वारा जारी पत्र का पालन करते हुए हर घर में सूर्य नमस्कार अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जाएगा।

Exit mobile version