Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

‘ज्यादा हीरो मत बन, तू DC है क्या’BJP नेता की सेनेटरी इंस्पेक्टर से तू तड़ाकअधिकारी बोले – बकवास मत कर


यमुनानगर जिले के साढौरा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सैनी के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच हुई नोकझोंक का करीब 1 मिनट 16 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा नेता अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं, “ज्यादा हीरो मत बन, तू DC लग रहा क्या?” जिस पर अधिकारी जवाब देते हैं, “फालतू बकवास मत करो।”

यह घटना शनिवार को हुई थी, जबकि इसका वीडियो बुधवार को सामने आया। वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी नगर पालिका की टीम

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की टीम सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार के नेतृत्व में मुख्य बाजार के पास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान रेहड़ी और अस्थायी दुकानदारों का सामान हटाया जा रहा था। इसी बीच भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सैनी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करने लगे।

गरीब दुकानदारों के पक्ष में उतरे भाजपा नेता

पवन सैनी का कहना है कि एक महिला दुकानदार उनके पास रोते हुए पहुंची थी और बताया था कि नगर पालिका की टीम उसका सामान जब्त कर रही है। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ गरीब दुकानदारों की बात रखने की कोशिश की थी। इसी दौरान बहस बढ़ गई और गुस्से में उनके मुंह से आपत्तिजनक शब्द निकल गए।

कर्मचारियों के साथ मारपीट का भी आरोप

सेनेटरी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने साढौरा थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान एक महिला और उसके बेटे ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि चालान बुक भी फाड़ दी गई और कर्मचारियों के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला और उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

BJP नेता पर कार्रवाई की मांग

फूल कुमार का कहना है कि उन्होंने भाजपा नेता पवन सैनी के खिलाफ भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में नगर पालिका के सफाई कर्मचारी और अन्य कर्मचारी पिछले दो दिनों से धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक भाजपा नेता के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, उनका धरना जारी रहेगा।

Exit mobile version