Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानी नहीं देने पर Domino’s मैनेजर को पीटा, VIDEO वायरल; स्टोर में घुसकर बरसाए थप्पड़, पुलिस पर भी गंभीर आरोप

फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित Domino’s पिज्जा स्टोर में मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पानी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने स्टोर में घुसकर मैनेजर को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। मारपीट की पूरी घटना स्टोर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

पीड़ित मैनेजर का आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।

पानी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

स्टोर मैनेजर नितेश कुमार (22) के अनुसार, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं और फिलहाल फरीदाबाद के विनय नगर, सेक्टर-31 में रहते हैं। वह पिछले करीब एक साल से सेक्टर-12 स्थित Domino’s आउटलेट में मैनेजर के पद पर काम कर रहे हैं।

नितेश ने बताया कि घटना के समय वह एक कर्मचारी के साथ स्टोर में काम कर रहे थे, जबकि बाकी तीन कर्मचारी ऑर्डर सप्लाई करने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अजय नाम का एक व्यक्ति स्टोर पर आया और पानी मांगा। काम में व्यस्त होने के कारण कर्मचारी उसकी आवाज नहीं सुन पाए। इसी बात को लेकर युवक ने विवाद शुरू कर दिया।

शांत रहने को कहा तो बरसाने लगा थप्पड़

मैनेजर का आरोप है कि उन्होंने युवक को शांत रहने के लिए कहा, लेकिन वह भड़क गया और उनके साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान उसके कुछ अन्य साथी भी स्टोर के अंदर पहुंच गए और विवाद में शामिल हो गए।

स्टोर में लगे CCTV कैमरे में युवक द्वारा मैनेजर को थप्पड़ मारने की घटना रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद पीड़ित ने फोन करके पुलिस को सूचना दी।

मैनेजर का आरोप- पुलिसकर्मी देखते रहे

नितेश के मुताबिक, यह घटना 2 नवंबर की रात की है। उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाया था, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी उनके साथ मारपीट होती रही और किसी ने उन्हें बचाने का प्रयास नहीं किया।

मैनेजर का यह भी कहना है कि उन्होंने घटना के संबंध में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।

पुलिस बोली- CCTV फुटेज की जांच जारी

इस मामले में सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

Exit mobile version