पीजीआई सहित प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों में चल रही डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए सरकार भर्ती करने जा रही है। अब तक नियुक्तियां यूएचएस के जरिए होने वाली थी पर अब मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च के डायरेक्टर करेंगे। सोमवार को पहली बार डीएमईआर की ओर से 382 सीनियर रेजीडेंट्स और 91 डेमोस्ट्रेटर के पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं।
इन पदों पर नियुक्ति के लिए 12 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है, ये आवेदन यूएचएस के भर्ती एवं स्थापना शाखा के डिप्टी रजिस्ट्रार को दिए जाने हैं। सीनियर रेजीडेंट्स और डेमोंस्ट्रेटर के पदों पर होने वाली भर्तियां किन मेडिकल कॉलेजों के लिए निकाली गई हैं। इसका जिक्र भर्ती विज्ञापन में नहीं किया गया है।
यूएचएस के अधिकारी ने बताया कि पहले जब भर्ती होती थी तो उसमें किस मेडिकल कॉलेज में कितने पदों पर नियुक्ति होनी है, इसका जिक्र किया जाता था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि डीएमईआर की ओर से नई नियुक्तियों पर कॉमन कैडर पॉलिसी लागू की जाएगी।
