रोहतक पीजीआई के डॉक्टर अब टेली कंसल्टेशन की मदद से पूरे प्रदेश के लोगों को इलाज करेंगे। गुरुवार को कुलपति डॉ एचके अग्रवाल ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट ऑफिस में बनाए गए टेली कंसल्टेशन रूम की शुरुआत की।
कुलपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कोशिश है कि प्रदेश के अंतिम छोर तक के व्यक्ति को भी सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस कड़ी में हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए रोहतक पीजीआई को इसका केंद्र बनाया है। इसलिए अब संस्थान के अनुभवी डॉक्टर आयुष्मान-आरोग्य, सीएचसी और पीएचसी पर आने वाले मरीजों का टेली कंसल्टेशन से इलाज करेंगे।
कुलपति ने बताया कि उन्हें खुशी है कि आज यह सुविधा संस्थान में शुरू हो गई है और आज मेडिसिन, डेंटल, मनोरोग, ऑर्थो, स्त्री रोग, शिशु रोग, ईएनटी, चर्म रोग विभाग के डॉक्टर ने ऑनलाइन माध्यम से पूरे प्रदेश से ई-संजीवनी पोर्टल पर ऑनलाइन वीडियो कॉल पर मरीजों का इलाज किया। उन्होंने कहा कि एनएचएम हरियाणा द्वारा इसके लिए सहयोग किया जा रहा है। अब लोगों को कई किलोमीटर दूर नहीं आना पड़ेगा।
कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पा दहिया ने बताया कि यह सुविधा सोमवार से शनिवार सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दस विभागों के चिकित्सक एक जगह बैठकर ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से मरीजों का इलाज करेंगे ।
