पानीपत के गांव अहर में पंचायत द्वारा DJ और पटाखे बजाने को लेकर कड़ा फैसला लिया गया है। गांव में आयोजित पंचायत में निर्णय लिया गया कि शादी समारोह में केवल 10 बजे तक DJ बजा सकेंगे। शादी समारोह में पटाखे जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर 50 हजार से एक लाख रुपए तक जुर्माना होगा। बम बजाने वाले पर 1 लाख रुपए जुर्माना है। बम बेचने पर 50 हजार रुपए का जुर्माना होगा। साथ ही जिला प्रशासन व NGT की तरफ से कार्रवाई भी होगी।
सरपंच मोहिंदर सिंह के मुताबिक गांव में DJ बजाने व पटाखे जलाने वाले पर 1 लाख रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही पंचायती तौर पर हुक्का पानी बंद किया जाएगा। अगर कोई किसी के दबाव में चोरी छिपे पटाखे व DJ बजाता है तो उस पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
पंचायत द्वारा यह फैसला लिए जाने पर कुछ ग्रामीणों ने इस फैसले का विरोध करते हुए पटाखे बजाए। जिसकी आवाज सुनकर सभी मौके पर पहुंचे। पंचायती आदमियों ने उन युवकों को पकड़ लिया। जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर डायल 112 पुलिस को भी बुलाया गया। आज गांव में फिर से पंचायत हो सकती है।
