Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दीपावली प्रेम, भाईचारे और सद्भावना का प्रतीक: उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिलावासियों को दी शुभकामनाएं

रोहतक, 6 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने दीपावली के पावन अवसर पर जिले के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी जिलावासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का पर्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह लेकर आए।

उपायुक्त ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस त्योहार को आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ मनाएं तथा समाज में प्रेम और सहयोग की भावना को मजबूत करें।

ग्रीन दीपावली मनाने की अपील

सतबीर सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। सभी नागरिक ग्रीन दीपावली मनाने को प्राथमिकता दें और प्रदूषण रहित वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने लोगों से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।

जरूरतमंदों के साथ बांटें खुशियां

उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां साझा करने में है। इसलिए दीपावली के अवसर पर सभी नागरिक जरूरतमंदों की सहायता करें और सामाजिक समरसता एवं सद्भाव को बढ़ावा दें।

उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व जिले के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

Exit mobile version