Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा:CM सैनी ने गृह-वित्त अपने पास रखे; विज को परिवहन मंत्रालय, अर्बन लोकल बॉडीज गोयल को

हरियाणा में नायब सिंह सैनी की अगुआई वाली भाजपा सरकार ने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। शपथग्रहण के चौथे दिन, रविवार देर रात सभी 14 मंत्रियों के पोर्टफोलियो का ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गृह, वित्त एक्साइज एंड टैक्सेशन समेत 13 से ज्यादा मंत्रालय अपने पास रखे हैं। अनिल विज, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा, कृष्ण कुमार बेदी, आरती राव और गौरव गौतम को 3-3 विभाग गए हैं।

महिपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा और राव नरबीर सिंह को 4-4 विभाग मिले हैं। कृष्णलाल पंवार, रणबीर गंगवा, श्रुति चौधरी और राजेश नागर को 2-2 विभाग दिए गए हैं।

अनिल विज बिजली, परिवहन और लेबर मंत्रालय संभालेंगे। आरती राव को स्वास्थ्य, विपुल गोयल को अर्बन लोकल बॉडीज, कृष्णलाल पंवार को पंचायत, महिपाल ढांडा काे एजुकेशन, श्याम सिंह राणा को कृषि और गौरव गौतम खेल विभाग देखेंगे।

17 अक्टूबर को पंचकूला में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सैनी और उनके 13 मंत्रियों ने शपथ ली थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शपथ ग्रहण के अगले ही दिन, 18 अक्टूबर को नई दिल्ली चले गए थे। केंद्रीय नेतृत्व के साथ 2 दिन की चर्चा के बाद मंत्रियों के विभागों का ऐलान किया गया है।

सीएम के बाद सबसे पहले अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज ने शपथ ली थी जिसके बाद कृष्णलाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, 10वें नंबर पर कृष्ण कुमार बेदी फिर श्रुति चौधरी, आरती राव, राजेश नागर और आखिर में गौरव गौतम ने शपथ ली थी।

Exit mobile version