Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चालान पर तकरार… पहले वकील फिर पुलिस की गाड़ी का कटा चालान

गुरुग्राम। जिला अदालत के पास शुक्रवार को चालान काटने को लेकर पुलिस और अधिवक्ताओं में विवाद हो गया। दरअसल यातायात पुलिसकर्मी ने एक अधिवक्ता की गाड़ी का नंबर प्लेट न होने पर चालान कर दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने पास में बिना नंबर प्लेट की खड़ी पुलिस की गाड़ी का चालान करने को कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। हालांकि कई अधिवक्ताओं के पहुंचने पर पुलिस ने अपनी गाड़ी का चालान कर दिया। पुलिस की गाड़ी का चालान होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अधिवक्ता कुणाल ने बताया कि उनकी गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट पानी के जलभराव में निकल गई थी। शुक्रवार को शाम को यातायात पुलिसकर्मी ने उनकी गाड़ी का चालान कर दिया। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस को बताया था कि गाड़ी पर नंबर प्लेट के लिए आवेदन किया हुआ है। वहीं पर पुलिसकर्मी की एक गाड़ी खड़ी थी, जिस पर भी नंबर प्लेट नहीं थी। इस पर उन्होंने यातायात पुलिसकर्मी को चालान करने के लिए कहा। थोड़ी ही देर में वहां पर अन्य अधिवक्ता भी पहुंच गए और पुलिस की गाड़ी पर चालान करने के लिए कहने लगे। थोड़ी देर बाद यातायात पुलिसकर्मियों ने पुलिस की गाड़ी का भी नंबर प्लेट न होने पर चालान कर दिया।

Exit mobile version